Vikasnagar News: विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे बड़ी कड़ी हैं। उनका सम्मान हरहाल में जरूरी है। यह बातें उन्होंने शनिवार को शिक्षक दिवस पर हरबर्टपुर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। नगर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में 95 सेवारत और सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज की वह मजबूत कड़ी है, जो विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है। बदलते समय और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के बीच शिक्षकों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार देना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि संस्कारवान नागरिक ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। नगर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी ने कहा कि शिक्षक ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माता होता है। उसके हाथों में केवल एक विद्यार्थी का वर्तमान नहीं, बल्कि समाज और देश का भविष्य भी होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चे को केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि उसके व्यक्तित्व का निर्माण कर उसे संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य करता है। पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि शिक्षक का सम्मान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज को वर्षभर उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अनुभव और मार्गदर्शन से ही नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है.सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अनुभवों को किया साझासमारोह में सेवारत शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त गुरुजनों की भी विशेष भागीदारी रही। सेवानिवृत्त प्रवक्ता अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी शिक्षक समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं और उनका अनुभव नई पीढ़ी के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षक समाज को दिशा देने वाला सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भीतर ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करने में शिक्षक की भूमिका को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।