Almora News: सल्ट, संवाददाता। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश डभरासौराल के ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मलबा आने और पत्थर गिरने से सौराल से घौड़ीघार तक जाने वाला संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे क्षेत्र के कई तोकों का बाजार व जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बीते दिनों की भारी बारिश के कारण मलबा और पत्थर आने से सौराल से घौड़ीघार तक की सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे दर्जिया घौड़, घौड़ीघार, बगड़िया, चोरीआम, जीवलखाल, डान, मल्ला सौराल, तल्ला सौराल, घघेयाछाल और मनारी बाखली सहित कई तोकों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार सड़क मार्ग बंद होने के कारण उन्हें पांच से छह किलोमीटर तक पैदल चलकर आवाजाही करनी पड़ रही है।सबसे अधिक परेशानी ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान गांव तक पहुंचाने में हो रही है। वार्ड सदस्य भरत रावत ने कहा कि सड़क बंद होने से करीब 200 परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, विधायक महेश जीना का कहना है कि सौराल गांव को जोड़ने वाली सड़क मलवा आने से बाधित हुई है। जल्द बारिश कम होते ही सड़क को जेसीबी की मदद से खोला जाएगा।