Haldwani News: लालकुआं, संवाददाता। हल्दूचौड़ की अंबिकापुरम कॉलोनी में चोरों ने दो माह से बंद एक मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पार कर लिए। घनी आबादी के बीच हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है। अंबिकापुरम स्थित जागनाथ भवन निवासी कलावती भट्ट पत्नी स्वर्गीय जय कृष्ण भट्ट करीब दो माह पूर्व स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अपने बेटों के पास दिल्ली चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा और ताला टूटा देखा तो ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी को सूचना दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। परिजनों के अनुसार मकान में करीब ढाई से तीन तोले की सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी, कानों के झुमके समेत अन्य जेवर रखे थे। चोर इन्हें समेटकर फरार हो गए। चोरों ने घर में रखा मोबाइल फोन नहीं छुआ। चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि घटना की तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है।