चमोली जिले में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनें चुनाव आयोग के तय मानकों के अनुसार डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित मिलीं। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बिजली व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं को लगातार ठीक रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों और अलार्म सिस्टम की कार्यक्षमता खुद जांची। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा और निगरानी उपकरणों की नियमित जांच की जाए। किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक करने को कहा गया, ताकि वेयरहाउस की सुरक्षा हमेशा बनी रहे।

इस दौरान जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में रखी बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र-04 की ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उनके सुरक्षित रखरखाव की समीक्षा की। मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, कांग्रेस से मोहन लोहनी, भाजपा से अमित कुमार समेत कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।