देहरादून पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8.39 ग्राम स्मैक और 204 ग्राम चरस जब्त की है।
जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
पटेलनगर पुलिस ने 4 सितंबर की शाम कारगी मोहल्ले में अहमद चौक के पास चेकिंग के दौरान साजिद (38) को पकड़ा। उसकी तलाशी लेने पर 8.39 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस के अनुसार, इस स्मैक की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए है।
साजिद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में पता चला है कि साजिद 2020 और 2025 में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
दूसरी कार्रवाई विकासनगर पुलिस ने की। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रोका और उसके चालक रोहित थापा (39) की तलाशी ली। उसके पास से 204 ग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में रोहित ने बताया कि डाकपत्थर इलाके में उसकी फास्ट फूड की दुकान है। वह दुकान की आड़ में स्थानीय नशेड़ियों को चरस बेचता था।
पुलिस ने रोहित के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।








