नैनीताल l ज्योलीकोट में जल प्रदूषण के मामले के बाद जल संस्थान की टीम ने शनिवार को अलग-अलग जगहों से पानी के सैंपल लिए। इन सैंपलों को देहरादून लैब और नैनीताल एनएबीएल लैब में जांच के लिए भेजा गया है।
जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता रविन्द्र पाठक ने बताया कि उत्तराखंड जल संस्थान की देहरादून से आई एक्सपर्ट टीम ने सैंपल लिए हैं। ये सैंपल ज्योलीकोट बाजार टैंक, गांजा गांव और ज्योलीकोट के प्रधान व पूर्व प्रधान के घर के पास बने टैंक से लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी जल स्रोतों और जलाशयों की सफाई के साथ क्लोरीनेशन का काम लगातार जारी है। इससे हालात में तेजी से सुधार हो रहा है। सीवर चैंबरों की भी सफाई करा दी गई है।
इसके अलावा, स्रोत के ऊपर स्थित एक सीवर चैंबर को 7 मीटर नीचे शिफ्ट किया जा रहा है। इसका मकसद यह है कि जल स्रोत में सीवर का पानी मिलने की आशंका पूरी तरह खत्म हो जाए।








