रुद्रपुर में शनिवार को यूथ कांग्रेस के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी समेत राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ता
सुरभि द्विवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद वहां कथित तौर पर शुद्धिकरण कराया गया। उन्होंने दावा किया कि शुद्धिकरण करने वाले लोगों के RSS से जुड़े होने के फोटो और वीडियो सामने आए हैं। उनके मुताबिक, इन लोगों के भाजपा नेताओं से संबंध भी दिखाई देते हैं।
द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस और यूथ कांग्रेस करीब एक महीने से इस मामले में FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मांग उठाने वाले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, लेकिन कथित शुद्धिकरण के मामले में FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ ही मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
द्विवेदी ने सवाल उठाया कि यदि किसी दलित नेता के कार्यक्रम के बाद इस तरह शुद्धिकरण कराया जाता है तो क्या यह SC-ST एक्ट के तहत कार्रवाई का मामला नहीं है। उन्होंने सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की।
यूथ कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को संविधान के साथ खड़े होकर जातिवाद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि यदि वे जातिवाद के खिलाफ हैं तो यूथ कांग्रेस के आंदोलन में शामिल हों।
द्विवेदी ने महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के युवा, महिलाएं और Gen-Z कथित जातिवाद और सरकार की नीतियों का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में जातिवाद को स्वीकार नहीं किया जाएगा।







