संतोष, पिथौरागढ़। मिनिस्ट्रियल कर्मचारी 7 सितंबर से बांह में काली पट्टी बांधकर आंदोलन करेंगे। शुक्रवार को उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और शासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसोसिएशन ने 7 से 19 सितंबर तक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 7 सितंबर को गेट मीटिंग के माध्यम से शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और लोनिवि में अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान कर्मचारी बांह में काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश जताएंगे। महामंत्री देवराज सिंह कन्याल ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो इसके बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।