Haldwani News: उमड़ी आस्था : हल्द्वानी, संवाददाता। कुमाऊं की पहाड़ियां जब बड़े पर्दे पर उतरती हैं तो स्थानीय दर्शकों के लिए वह महज फिल्म नहीं रह जातीं। शिप्रा का कलकल बहता पानी, भवाली घाटी के घुमावदार रास्ते और कैंची धाम के दृश्य ‘हनुमान अंश’ में दिखते ही सिनेमाघरों में बैठे दर्शकों की आंखें चमक उठती हैं। बाबा नीब करौरी के जीवन और संदेश पर बनी यह फिल्म नैनीताल-कैंची धाम से जुड़े लोगों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर रही है।कैंची धाम की आस्थाफिल्म में बाबा के बचपन से लेकर गुजरात की तपस्या, नीब करौरी में ट्रेन रुकने के प्रसंग सहित कई प्रसंगों को पर्दे पर उतारा गया है। शोभिनव सत्या के अभिनय और विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन ने कहानी को आध्यात्मिक रंग दिया है। शहर के वॉकवे सिनेपोलिस के असिस्टेंट मैनेजर विनोद कुमार के मुताबिक फिल्म के चारों शो 10:35, 1:30, 3:10 और 6:30 बजे लगातार पैक चल रहे हैं। जन्माष्टमी पर टिकट नहीं मिलने से कई दर्शकों को लौटना पड़ा, जबकि आगे के शो भी प्री-बुक हैं। फिल्म खत्म होते ही ‘सीता-राम’ के जयकारे गूंजते हैं। इसके साथ कैंची धाम जाने वाले टैक्सी चालकों, होमस्टे संचालकों और कारोबारियों के काम में भी तेजी आई है। धाम दर्शन के साथ फिल्म देखने का यह नया ट्रेंड पर्यटन कारोबार को भी संबल दे रहा है।फिल्म की सफलतादो करोड़ से कम बजट में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी छलांग लगाई।28वें दिन तक फिल्म की भारत में नेट कमाई 72.88 करोड़ रुपये पहुंच गई।