कैंची धाम में लग रहे जाम से पहाड़ की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की अल्मोड़ा इकाई के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, अल्मोड़ा से हल्द्वानी पहुंचने में अब 12 घंटे तक लग रहे हैं।

यूकेडी ने बताया कि जाम का असर अल्मोड़ा, रानीखेत, सोमेश्वर, बागेश्वर, कपकोट, थल, पिथौरागढ़, डीडीहाट और गढ़वाल क्षेत्रों पर पड़ रहा है। इन इलाकों में राशन, फल और सब्जियों की सप्लाई प्रभावित होने की बात कही गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने-जाने में भी मुश्किल बढ़ी है।

यूकेडी ने रखीं ये मांगें

जाम से निपटने के लिए यूकेडी ने स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की है। दल ने ऑनलाइन बुकिंग के जरिए दर्शन की सुविधा और हल्द्वानी से शटल सेवा शुरू करने का सुझाव भी दिया।

यूकेडी के अनुसार, शटल सेवा शुरू होने से वाहनों की संख्या कम हो सकती है और यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी। बैठक में केंद्रीय सचिव त्रिलोक सिंह लटवाल, जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।