रुड़की में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली सोमवार से शुरू हो गई। बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर में आयोजित इस रैली में उत्तराखंड के 7 जिलों और उत्तर प्रदेश के पात्र अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक चलेगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने फ्लैग ऑफ कर रैली की शुरुआत की। सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचने लगे। वहां दस्तावेजों की जांच समेत भर्ती की तय प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इन श्रेणियों में होगी भर्ती
भर्ती अग्निवीर जीडी, टेक्निकल, ट्रेड्समैन, क्लर्क और एसकेटी श्रेणियों के लिए हो रही है। ट्रेड्समैन श्रेणी में 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन के अनुसार, केवल वही युवा रैली में शामिल होंगे जिन्होंने एक से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) पास किया है। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।
इस रैली में चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पात्र युवा भी अलग-अलग श्रेणियों में चयन प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्थाएं
अधिकारियों के मुताबिक, रोजाना एक हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन ने युवाओं के ठहरने, परिवहन और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की है।
सेना और प्रशासन ने अभ्यर्थियों से दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होगी। किसी के झांसे में आकर पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है।











