उत्तरकाशी में शिक्षकों के सम्मान की एक नई पहल देखने को मिली। शिक्षक दिवस के मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जिला कलेक्ट्रेट के ऑडिटोरियम हॉल में जिलेभर के शिक्षकों को सम्मानित किया।

विधायक की इस पहल की शिक्षकों ने खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस तरह सामूहिक रूप से शिक्षकों का सम्मान किया है।

शिक्षकों ने बताया कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके सम्मान के लिए ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने विधायक सुरेश चौहान का आभार जताया और कहा कि उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से गंगोत्री विधानसभा से इस पहल की शुरुआत होना गर्व की बात है।

शिक्षकों ने यह भी कहा कि यह सिर्फ सम्मान समारोह नहीं, बल्कि शिक्षक समुदाय के प्रति समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी दिखाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस पहल को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने और समाज को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे खास है। उन्होंने विधायक सुरेश चौहान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान असल में शिक्षा और आने वाली पीढ़ी का सम्मान है।

विधायक सुरेश चौहान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि आजकल का समय तेजी से तकनीक पर आधारित हो रहा है, इसलिए विद्यार्थियों को आधुनिक और तकनीकी शिक्षा से जोड़ना समय की जरूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों के सम्मान की यह पहल आगे भी जारी रहेगी। शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए हर मुमकिन कोशिश की जाएगी।