उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि ज्यादातर मैदानी इलाके सामान्यतः सूखे रहेंगे।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। 9 से 11 अक्टूबर के दौरान बर्फबारी करीब 3,800 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचने का अनुमान है।
चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चंपावत में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका है। 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में तेज गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।











