बाजपुर के ग्राम महेशपुरा में रविवार रात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये की नकदी और 200 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार सोमवार सुबह घर लौटा तो सामान बिखरा मिला और घटना का पता चला।

महेशपुरा निवासी कमल चंद्रा के मकान में फर्श का निर्माण चल रहा है। इसी वजह से वह अपनी पत्नी रजनी और बच्चों के साथ पड़ोस में रहने वाले सतपाल के घर सोने चले गए थे। रात में अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से नकदी व चांदी के जेवर ले गए।

रजनी के अनुसार, परिवार ने पिछले महीने 36 हजार रुपये की कमेटी उठाई थी। मजदूरी से मिले बाकी पैसे भी मकान की मरम्मत के लिए जमा करके रखे गए थे। चोरी के बाद परिवार परेशान है।

सूचना मिलने पर दोराहा चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश कर रही है। चौकी इंचार्ज देवेंद्र मेहता ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।