देहरादून के चकराता रोड पर प्रभात सिनेमा के पीछे एक व्यक्ति को पुलिस से जुड़े काम के बहाने बुलाकर 20-25 लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ आए 2 लोगों को डराकर वहां से भगा दिया और 35,000 रुपये, गले की चेन तथा मोबाइल फोन छीन लिया।
चंदरनगर निवासी 48 वर्षीय सोनू ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दी है। उसके अनुसार, उसे अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने पुलिस के लिए काम बताकर उसे 2 अन्य लोगों के साथ मौके पर आने को कहा था।
सोनू का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद हमलावरों ने उसके साथियों को भगा दिया और उस पर हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों के पास खुखरी, देशी कट्टा, लोहे की रॉड और चाकू थे। मारपीट के दौरान सोनू ने मुख्य आरोपी के रूप में सचिन टांक को पहचानने की बात कही है।
पटेलनगर पुलिस ने रविवार को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शहर कोतवाल केसी भट्ट के अनुसार, पुलिस मुख्य आरोपी सचिन टांक और उसके साथियों का पता लगा रही है।











